Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बलरामपुर, 25 जून (हि.स.)।विद्यार्थियों में आंखों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से गुरुवार को विकासखंड शंकरगढ़ स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय में नेत्र जांच एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। राष्ट्रीय अंधत्व निवारण कार्यक्रम के तहत आयोजित इस शिविर में विद्यार्थियों की आंखों की जांच कर उन्हें दृष्टि सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए।
कार्यक्रम के दौरान नेत्र सहायक अधिकारी दुर्गेश त्रिपाठी ने विद्यार्थियों की नेत्र जांच की और आंखों की नियमित देखभाल के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में मोबाइल, लैपटॉप और कंप्यूटर जैसे डिजिटल उपकरणों के बढ़ते उपयोग के कारण बच्चों और युवाओं में आंखों से जुड़ी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि लंबे समय तक लगातार स्क्रीन देखने से आंखों में जलन, चुभन, दर्द, धुंधला दिखाई देना तथा आंखों से पानी आने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इन परेशानियों से बचने के लिए 20-20-20 नियम को अपनाना बेहद प्रभावी उपाय है।
विशेषज्ञों ने समझाया कि हर 20 मिनट तक स्क्रीन देखने के बाद 20 सेकंड का विराम लेना चाहिए और लगभग 20 फीट दूर स्थित किसी वस्तु को देखना चाहिए। इससे आंखों पर पड़ने वाला तनाव कम होता है और दृष्टि को स्वस्थ बनाए रखने में मदद मिलती है।
शिविर के दौरान विद्यार्थियों को नियमित नेत्र परीक्षण कराने, पौष्टिक एवं संतुलित आहार लेने तथा आंखों में किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तत्काल चिकित्सकीय सलाह लेने की भी समझाइश दी गई।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय