Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

खटोदरा प्राथमिक विद्यालय में प्रवेशोत्सव का आयोजन, उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने बच्चों का किया स्वागत
सूरत, 25 जून (हि.स.)। गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि बच्चे घर में 'छोटे पुलिसकर्मी की भूमिका निभाएं। उन्होंने बच्चों से आग्रह किया कि वे अपने माता-पिता को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करें। यदि माता-पिता हेलमेट नहीं पहनते हैं तो बच्चे उन्हें पहले हेलमेट पहनने के लिए कहें और तभी घर से बाहर जाने दें।
उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी सूरत महानगर पालिका संचालित नगर प्राथमिक शिक्षा समिति की शालाओं में चल रहे प्रवेशोत्सव के तहत गुरुवार को खटोदरा स्थित प्राथमिक विद्यालय में भव्य शाला प्रवेशोत्सव एवं कन्या शिक्षा महोत्सव कार्यक्रम के अवसर पर बाेल रहे
थे।
उपमुख्यमंत्री संघवी ने नवप्रवेशी बच्चों का स्वागत कर उन्हें प्रवेशोत्सव किट और नोटबुक वितरित की। इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने अभिभावकों से कहा कि जिन बच्चों को विश्वास के साथ शिक्षा समिति की शालाओं में प्रवेश दिलाया गया है, उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सूरत देश का एकमात्र ऐसा शहर है जहां महानगर पालिका द्वारा गरीब एवं श्रमिक परिवारों के बच्चों को हिंदी, उर्दू, ओड़िया, मराठी सहित छह अलग-अलग मातृभाषाओं में प्राथमिक शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने कहा कि सूरत को कर्मभूमि बनाने वाले देशभर के नागरिकों की पहचान सुरती के रूप में होती है। यहां भाषा, क्षेत्र या प्रांत के आधार पर कभी कोई भेदभाव नहीं रहा। सूरत की यही विशेषता इसे देश के अन्य शहरों से अलग बनाती है। उन्हाेंने बताया कि वर्तमान में शिक्षा समिति की 300 से अधिक शालाओं में लगभग दो लाख विद्यार्थी अध्ययन कर रहे हैं। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि इस वर्ष 4708 विद्यार्थियों ने निजी स्कूलों को छोड़कर मनपा संचालित सरकारी विद्यालयों में प्रवेश लिया है, जो सरकारी शिक्षा व्यवस्था पर बढ़ते विश्वास का प्रमाण है।
उपमुख्यमंत्री ने शिक्षकों से बच्चों को खेल-खेल में और आनंदपूर्वक शिक्षा देने का आग्रह किया। साथ ही विद्यार्थियों में खेल भावना विकसित करने, उन्हें मोबाइल फोन से दूर रखने और स्वच्छता के प्रति जागरूक बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छता अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि विद्यालयों को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
बच्चों के माध्यम से हेलमेट पहनने की अपील
कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने बच्चों से पूछा कि उनके माता-पिता वाहन चलाते समय हेलमेट पहनते हैं या नहीं। उन्होंने बच्चों से आग्रह किया कि वे अपने माता-पिता को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि यदि माता-पिता हेलमेट नहीं पहनते हैं तो बच्चे उन्हें पहले हेलमेट पहनने के लिए कहें और तभी घर से बाहर जाने दें। उन्होंने बच्चों को अपने घर में छोटे पुलिसकर्मी की भूमिका निभाने का संदेश भी दिया ताकि परिवार सुरक्षित रहे और बच्चों का भविष्य उज्ज्वल बन सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे