Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जोधपुर, 25 जून (हि.स.)। पंचायत समिति क्षेत्र की ग्राम पंचायत चुतरपुरा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा आमजन को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। शिविर में उपस्थित भोजाराम के प्रकरण का परीक्षण कर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत नया आवेदन करवाया गया। आवेदन स्वीकृत होने के उपरांत उन्हें प्रतिमाह सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ प्राप्त होगा। इस अवसर पर भोजाराम ने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, राज्य सरकार तथा प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान नाहरों की ढाणी निवासी कृषक कुम्भाराम ने अपनी सफलता की कहानी साझा करते हुए बताया कि कृषि विभाग की योजनाओं के अंतर्गत उन्हें प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन तथा अनुदान का लाभ मिला। विभाग के सहयोग से उन्होंने जीवामृत, बीजामृत, घनजीवामृत एवं प्राकृतिक कीट प्रबंधन तकनीकों का उपयोग प्रारम्भ किया। परिणामस्वरूप उर्वरक एवं कीटनाशकों पर होने वाला खर्च लगभग 50 प्रतिशत तक कम हुआ, फसलों की गुणवत्ता में सुधार आया तथा मिट्टी की उर्वरता बढ़ी। इससे उनकी आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई। इसी प्रकार ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान आयुर्वेद विभाग द्वारा ग्राम पंचायत चुतरपुरा के ग्रामीणों, विशेषकर बुजुर्ग महिलाओं को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। लंबे समय से उच्च रक्तचाप, मधुमेह, जोड़ों के दर्द, त्वचा रोग एवं अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से ग्रसित ग्रामीणों का परीक्षण कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं आयुर्वेदिक औषधियों का नि:शुल्क वितरण किया गया।
पंचायत समिति चामू की ग्राम पंचायत लौड़ता अचलावता के प्रगतिशील किसान जसाराम पुत्र गंगाराम जाट ने कृषि विभाग की कृषि यंत्र योजना का लाभ प्राप्त कर खेती में नई सफलता हासिल की है। जसाराम ने बताया कि उन्होंने योजना के तहत आवेदन किया था तथा वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद खेतों की जुताई के लिए रोटावेटर खरीदा।
कृषि विभाग से रोटावेटर की खरीद पर 40 प्रतिशत अनुदान राशि प्राप्त होने से उन्हें महत्वपूर्ण आर्थिक सहायता मिली। ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान परिवहन विभाग द्वारा वरिष्ठ नागरिक भीयाराम पुत्र मंगलाराम निवासी लौड़ता अचलावता को राजस्थान रोडवेज में नि:शुल्क यात्रा के लिए वरिष्ठ नागरिक पास बनाकर वितरित किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश