Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

शिमला, 24 जून (हि.स.)। भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) तथा बीएसई इन्वेस्टर्स प्रोटेक्शन फंड (बीएसई-आईपीएफ) के संयुक्त तत्वावधान में आज हिमाचल प्रदेश राज्य सचिवालय, शिमला में रीजनल इन्वेस्टर सेमिनार फॉर अवेयरनेस (आरआईएसए) आयाजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य निवेशकों एवं सरकारी अधिकारियों में वित्तीय साक्षरता, सुरक्षित निवेश तथा पूंजी बाजार के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश सरकार के वित्त, योजना, अर्थशास्त्र एवं सांख्यिकी विभाग के सचिव डॉ. अभिषेक जैन ने बतौर मुख्यातिथि भाग लिया। प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए उन्होंने वित्तीय जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डाला तथा नागरिकों से विवेकपूर्ण एवं सुरक्षित निवेश अपनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सेबी के उत्तरी क्षेत्रीय कार्यालय के उप महाप्रबंधक मृदुल रस्तोगी ने मुख्य वक्ता के रूप में पूंजी बाजार, निवेशकों के अधिकारों तथा साइबर धोखाधड़ी से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
कार्यक्रम में बीएसई के वरिष्ठ उपाध्यक्ष गौरव कपूर ने निवेशकों के लिए उपलब्ध अवसरों एवं बाजार की पारदर्शिता पर अपने विचार व्यक्त किए।
वित्तीय शिक्षा विशेषज्ञ मनजीत एस. ढिल्लों ने तकनीकी सत्र में प्रतिभागियों को निवेश के मूल सिद्धांत, जोखिम प्रबंधन तथा वित्तीय योजना से संबंधित व्यावहारिक जानकारी प्रदान की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला