Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

ऊना, 24 जून (हि.स.)। जिला स्तरीय ऐतिहासिक पिपलू मेला का बुधवार को भगवान श्री नरसिंह देव मंदिर परिसर में श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ शुभारंभ हुआ। लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने पूजा-अर्चना, ध्वजारोहण तथा पारंपरिक टमक वादन के साथ तीन दिवसीय मेले का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा एवं उनकी धर्मपत्नी मृदु शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इससे पूर्व मंत्री ने बंगाणा में निकाली गई भव्य शोभायात्रा में भाग लिया। पारंपरिक वाद्य यंत्रों और स्थानीय संस्कृति की झलक से सजी शोभायात्रा में क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
शुभारंभ समारोह को संबोधित करते हुए विक्रमादित्य सिंह ने भगवान श्री नरसिंह देव के चरणों में नमन कर क्षेत्रवासियों को मेले की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पिपलू मेला लोक आस्था, संस्कृति, सामाजिक समरसता और जनएकता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि मेले का स्वरूप लगातार व्यापक हो रहा है और आने वाले वर्षों में यह क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को और अधिक सुदृढ़ करेगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के हितों और अधिकारों की आवाज को वह निरंतर मजबूती से उठाते रहे हैं और आगे भी उठाते रहेंगे। केंद्र सरकार के समक्ष प्रभावी पैरवी के माध्यम से प्रदेश की सड़कों के उत्थान तथा दूरदराज क्षेत्रों में सड़क नेटवर्क के सुधार एवं विस्तार के लिए हजारों करोड़ रुपये उपलब्ध करवाने में सफलता मिली है। इस दौरान उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह को स्मरण करते हुए उनके जनसेवा भाव को प्रेरणास्रोत बताया।
मंत्री ने कुटलैहड़ क्षेत्र की तनोली-बल्ह खालसा सड़क के लिए 20 लाख रुपये देने की घोषणा की तथा बालकरूपी सड़क के विस्तार कार्य में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
मेले के पहले दिन आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिमाचली लोक गायक काकू राम ठाकुर की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। उनके लोकप्रिय पहाड़ी गीतों पर पूरा पंडाल तालियों और उत्साह से गूंज उठा। नाटी की थाप पर लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह भी कलाकारों और स्थानीय लोगों के साथ झूमते नजर आए। विधायक विवेक शर्मा सहित उपस्थित लोगों ने भी कार्यक्रमों का भरपूर आनंद लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला