Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

गुप्तकाशी , 24 जून (हि.स.)। केदारघाटी के लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बड़ी राहत लेकर आया है। नारायणकोटी स्थित माधव चिकित्सालय अब प्रसूति व अन्य गंभीर रोगों के उपचार का प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है। आधुनिक चिकित्सा उपकरणों और विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता के चलते यह अस्पताल क्षेत्रवासियों के लिए संजीवनी साबित हो रहा है।
स्वामी विवेकानंद हेल्थ मिशन के तत्वावधान में संचालित माधव चिकित्सालय केदारघाटी का पहला ऐसा अस्पताल बन गया है, जहां अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे, वेंटिलेटर और एनआईसीयू जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। अस्पताल में फिजिशियन, स्त्री रोग विशेषज्ञ, बाल रोग विशेषज्ञ, दंत चिकित्सक और फिजियोथैरेपिस्ट चिकित्सक अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
पूर्व में प्रसव पीड़ा से जूझ रही महिलाओं को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग या निजी अस्पताल तक जाना पड़ता था। कई बार लंबी दूरी और समय पर उपचार न मिलने के कारण गंभीर परिस्थितियां भी पैदा हो जाती थीं। अब अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ की तैनाती और अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू होने के बाद कुछ ही दिनों में छह सफल प्रसव कराए जा चुके हैं।
अस्पताल में 28 सदस्यीय स्टाफ कार्यरत हैं, तथा प्रतिदिन सौ से अधिक मरीज ओपीडी सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. विपिन भारद्वाज ने बताया कि क्षेत्र के सैकड़ों मरीजों का यहां उपचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में सिजेरियन ऑपरेशन की सुविधा भी शुरू करने की तैयारी है। डॉ. भारद्वाज ने बताया कि अस्पताल में वेंटिलेटर की सुविधा तो उपलब्ध है, लेकिन गंभीर मरीजों को रेफर करने के लिए एसीएलएस एम्बुलेंस की आवश्यकता है। उन्होंने सरकार से उक्त एंबुलेंस की मांग की है, साथ ही बताया कि केदारनाथ धाम आने वाले तीर्थ यात्रियों को भी इस अस्पताल के सुविधा संपन्न होने से काफी सुविधा मिली है।
हिन्दुस्थान समाचार / बिपिन