Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जौनपुर, 24 जून (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर बुधवार को गोंडवाना साम्राज्य की वीरांगना रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि सभा एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रानी दुर्गावती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सपा जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने कहा कि रानी दुर्गावती भारतीय इतिहास की महान वीरांगनाओं में से एक थीं। उन्होंने अपने स्वाभिमान, राज्य और सम्मान की रक्षा के लिए अंतिम क्षण तक संघर्ष किया। उनका जीवन साहस, त्याग और आत्मसम्मान का प्रतीक है, जो आज भी समाज को प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि 24 जून 1564 को रानी दुर्गावती ने आक्रमणकारियों के सामने आत्मसमर्पण करने के बजाय वीरगति को स्वीकार किया और इतिहास में अमर हो गईं। उनका बलिदान देश की अस्मिता और नारी शक्ति का अनुपम उदाहरण है।
विचार गोष्ठी को पूर्व विधायक लालबहादुर यादव, पूर्व विधायक श्रद्धा यादव, जिला उपाध्यक्ष श्यामबहादुर पाल, हीरालाल विश्वकर्मा, महेंद्र प्रताप यादव नेपाल, जिला सचिव अजय त्रिपाठी, गोंड महासभा के जिला उपाध्यक्ष उदयराज गोंड, श्यामनारायण बिंद, हरिश्चंद प्रभाकर तथा दिलीप प्रजापति सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन जिला महासचिव आरिफ हबीब ने किया। उन्होंने कहा कि रानी दुर्गावती का बलिदान महिलाओं और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके आदर्शों को अपनाकर समाज में समानता, न्याय और सम्मान की भावना को और मजबूत किया जा सकता है।
इस अवसर पर सदर विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष वीरेंद्र, राजपति गोंड, प्रदीप गोंड, प्रमोद गोंड, मोहन गोंड, पूनम यादव, प्रदीप पाल, रवि यादव सहित समाजवादी पार्टी के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव