Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हाथरस, 24 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस के सादाबाद कस्बे का एक और कोचिंग सेंटर सीज किया गया है। बुधवार को प्राइवेट बस स्टैंड के निकट स्थित दादा राम विद्यापीठ कोचिंग सेंटर को सीज कर दिया। यह कार्रवाई लखनऊ अग्निकांड के बाद शिक्षण संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बरती जा रही सतर्कता के तहत की गई।
प्रशासनिक निरीक्षण में पाया गया कि कोचिंग सेंटर एक घरेलू आवासीय परिसर में संचालित हो रहा था। इसके लिए व्यावसायिक गतिविधियों की वैध अनुमति नहीं ली गई थी।जांच के दौरान, संस्थान संचालकों ने एनओसी तो प्रस्तुत की, लेकिन आवासीय भवन में व्यावसायिक गतिविधि चलाने संबंधी कोई वैध अनुमति या दस्तावेज नहीं दिखा सके। भवन तक पहुंचने वाले दोनों रास्ते भी काफी संकरे पाए गए, जिससे आपात स्थिति में विद्यार्थियों को सुरक्षित निकालना मुश्किल हो सकता था। सुरक्षा मानकों की अनदेखी और नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की।
एसडीएम मनीष चौधरी ने बताया कि लखनऊ अग्निकांड के बाद जनपद में संचालित कोचिंग सेंटरों, लाइब्रेरी और अन्य शिक्षण संस्थानों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन संस्थानों में फायर सेफ्टी, भवन सुरक्षा और संचालन संबंधी मानकों का पालन नहीं हो रहा है, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। उप जिलाधिकारी ने जोर देकर कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। इस कार्रवाई के बाद नगर के कई कोचिंग संचालकों ने अपने संस्थानों के दस्तावेज दुरुस्त करने और सुरक्षा मानकों को पूरा करने की कवायद शुरू कर दी है। कार्रवाई के दौरान पुलिस उपाधीक्षक जेएन अस्थाना और प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह भी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना