Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मुरादाबाद, 24 जून (हि.स.)। मुरादाबाद रेल मंडल के वाणिज्य विभाग में कार्यरत हापुड़ मुख्यालय के टिकट परीक्षक (टीटीई) दुर्गविजय यादव को बुधवार को गाड़ी संख्या 12038 सिद्धबली जन शताब्दी एक्सप्रेस में टिकट जांच के दौरान लगभग 13 वर्षीय एक बालक संदिग्ध अवस्था में अकेला यात्रा करता हुआ मिला। पूछताछ के दौरान बालक के लापता होने की जानकारी प्राप्त हुई।
दुर्गविजय यादव द्वारा तत्काल मानवीय संवेदनशीलता एवं सतर्कता का परिचय देते हुए रेलवे सुरक्षा बल तथा चाइल्ड हेल्पलाइन को सूचित किया गया। सभी सम्बंधित एजेंसियों के समन्वित प्रयासों से बालक की पहचान स्थापित कर उसे सकुशल उसके पिता के सुपुर्द किया गया।
उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि मुरादाबाद रेल मंडल द्वारा दुर्गविजय यादव की सतर्कता, कर्तव्यनिष्ठा एवं मानवीय सरोकारों की सराहना की गई है। उनकी तत्परता से एक परिवार को उसका बिछड़ा हुआ बालक वापस मिल सका, जो रेलवे कर्मचारियों की सामाजिक जिम्मेदारी एवं जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण है।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल