Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मुरादाबाद, 24 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद में नेक्स्ट जेन क्रिकेट प्रीमियर लीग के अंतर्गत बुधवार को खेले गए मुकाबलों में स्पोर्ट्स चैलेंजर्स और सुपर वॉरियर्स ने बेहतरीन जीत दर्ज की। स्पोर्ट्स चैलेंजर्स के नितिन व सुपर वॉरियर्स के शुहेब को मैन आफ द मैच का पुरस्कार मिला।
डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स एसोसिएशन मुरादाबाद के सचिव व पूर्व रणजी खिलाड़ी विजय गुप्ता एडवोकेट ने बताया कि नेक्स्ट जनरेशन क्रिकेट एकेडमी ग्राउंड पर आयोजित टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में सुपर वॉरियर्स ने निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट पर 193 रन बनाए। शुहेब ने मात्र 19 गेंदों में 48 रन की विस्फोटक पारी खेली, जबकि हरेंद्र कुमार ने 33, मोहम्मद इमरान ने 29 और वंश सक्सेना ने 22 रन का योगदान दिया। जवाब में नेक्स्ट जेन सुपर जायंट्स की टीम 20 ओवर में छह विकेट पर 169 रन ही बना सकी। जकी मलिक ने नाबाद 60 और सिद्धार्थ माथुर ने 32 रन बनाए, लेकिन टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी। सुपर वॉरियर्स ने 24 रन से मुकाबला जीत लिया। शुहेब को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे मुकाबले में चिश्ती सुपर किंग्स ने 20 ओवर में चार विकेट पर 169 रन बनाए। साहिब पाशा ने 52 गेंदों पर 91 रन की शानदार पारी खेली। अहद ने 23 और मोहम्मद अर्श ने नाबाद 23 रन का योगदान दिया। जवाब में स्पोर्ट्स चैलेंजर्स ने 18 ओवर में तीन विकेट पर 172 रन बनाकर सात विकेट से जीत हासिल कर ली। कप्तान नितिन ने 52 गेंदों पर नाबाद 108 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 14 चौके और छह छक्के शामिल रहे। उनके शतक की बदौलत टीम ने दो ओवर शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। नितिन को उनकी शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल