Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जिले में 66 हजार से अधिक सदस्यों की ई-केवाईसी अब भी लंबित, खाद्य सुरक्षा का लाभ जारी रखने के लिए प्रक्रिया पूरी करना जरूरी
बलरामपुर, 24 जून (हि.स.)। जिले के राशन कार्डधारियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत संचालित राशन कार्डों में दर्ज सभी सदस्यों की ई-केवाईसी कराना अब अनिवार्य कर दिया गया है। खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि 15 जुलाई तक ई-केवाईसी नहीं कराने वाले सदस्यों का नाम राशन कार्ड से हटाया जा सकता है, जिससे उन्हें खाद्यान्न सहित अन्य खाद्य सुरक्षा योजनाओं का लाभ नहीं मिल सकेगा।
जिला खाद्य अधिकारी ने बुधवार काे बताया कि राशन कार्ड में दर्ज प्रत्येक सदस्य का ई-केवाईसी कराया जाना आवश्यक है। जिले में वर्तमान में 66,806 सदस्यों की ई-केवाईसी प्रक्रिया अभी शेष है। ऐसे में सभी हितग्राहियों से समय-सीमा के भीतर यह प्रक्रिया पूरी करने की अपील की गई है।
उन्होंने बताया कि राशन कार्डधारी शासन की वेबसाइट पर अपना राशन कार्ड नंबर दर्ज कर यह जानकारी प्राप्त कर सकते हैं कि परिवार के किन सदस्यों की ई-केवाईसी अभी बाकी है। इसके अलावा जिले की सभी उचित मूल्य दुकानों (पीडीएस दुकानों) में ई-केवाईसी की सुविधा उपलब्ध है।
खाद्य विभाग ने राशन कार्डधारियों से अपील की है कि वे अपने परिवार के सभी सदस्यों की ई-केवाईसी जल्द से जल्द पूर्ण कराएं, ताकि खाद्य सुरक्षा योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के मिलता रहे। विभाग ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय-सीमा के बाद ई-केवाईसी नहीं कराने वाले सदस्यों को भविष्य में राशन प्राप्त करने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय