Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मंडी, 24 जून (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने बुधवार को मंडी स्थित भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में '12 साल विश्वास के, विकास के और जनकल्याण के' विषय पर आधारित एक विशेष फोटो प्रदर्शनी का विधिवत शुभारंभ और अवलोकन किया। जिसमें उनके साथ सदर के विधायक अनिल शर्मा, भाजपा प्रदेश महामंत्री पायल वैद्य तथा जिलाध्यक्ष निहाल चंद शर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
इस कार्यक्रम के उपरांत मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की जमकर सराहना की और कहा कि केंद्र सरकार का अब तक का कार्यकाल देश के लिए अत्यंत स्वर्णिम रहा है, जिसने वैश्विक पटल पर भारत को एक बेहद शक्तिशाली और सशक्त राष्ट्र के रूप में पुनर्स्थापित किया है, जो प्रत्येक भारतीय के लिए बड़े गर्व की बात है।
इस अवसर पर जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि वर्तमान कांग्रेस सरकार ने पूरे प्रदेश में 'हिमाचल ऑन सेल' का टैग लगा दिया है। क्योंकि यह सरकार प्रदेश की बहुमूल्य संपत्तियों को बेचने पर आमादा है, जिसकी इजाजत भाजपा न तो पहले देती थी और न ही अब सुक्खू सरकार को देगी। उन्होंने कहा कि जैसी भाजपा ने आशंका व्यक्त की थी कि सरकार चहेतों को लाभ पहुंचाने के लिए सरकारी संपतियों को बेचने जा रही है ठीक वही होने जा रहा है। ऐतिहासिक व विश्वप्रसिद्ध होटल वाइल्ड फ्लावर हॉल की प्रस्तावित नीलामी के मुद्दे पर सुक्खू सरकार को घेरते हुए उन्होंने कहा कि इस मामले को मुकाम तक पहुंचाने और इसमें बड़ी जीत हासिल करने का वास्तविक श्रेय पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के प्रयासों तथा पूर्व की तमाम सरकारों को जाता है, परंतु मुख्यमंत्री सुक्खू केवल अपनी झूठी वाहवाही लूटने में व्यस्त हैं।
उन्होंने खुलासा किया कि इस संपत्ति पर न्यायालय का फैसला लगभग ढाई साल पहले ही आ चुका था, परंतु वरिष्ठ अधिवक्ता मनु सिंघवी ने सरकार पर अपना लगातार दबाव बना रखा था, जिसके कारण विलंब हुआ और अब वर्तमान सरकार इसकी टेंडर प्रक्रिया में भारी गड़बड़ी करते हुए किसी एक चहेते को सीधे तौर पर फायदा पहुंचाने का प्रयास कर रही है, जिससे भ्रष्टाचार की बातें सामने आ रही हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा