महारानी अस्पताल के आधुनिकीकरण के लिए सात करोड़ से अधिक का प्रस्ताव स्वीकृत
जगदलपुर, 24 जून (हि.स.)। बस्तर संभाग के प्रतिष्ठित चिकित्सा केंद्र जिला चिकित्सालय महारानी अस्पताल जगदलपुर की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में आज बुधवार को अस्पताल के शहीद गुण्डाधुर सभाकक्ष में महारानी अस्पताल जीवन
महारानी अस्पताल के आधुनिकीकरण के लिए 7 करोड़ से अधिक का प्रस्ताव स्वीकृत


जगदलपुर, 24 जून (हि.स.)। बस्तर संभाग के प्रतिष्ठित चिकित्सा केंद्र जिला चिकित्सालय महारानी अस्पताल जगदलपुर की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में आज बुधवार को अस्पताल के शहीद गुण्डाधुर सभाकक्ष में महारानी अस्पताल जीवन दीप समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता कलेक्टर एवं समिति के अध्यक्ष आकाश छिकारा ने की।

इस बैठक में सहायक कलेक्टर यशवंत नायक, सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. संजय प्रसाद और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय बसाक सहित जिले के विशेषज्ञ चिकित्सक और अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान बस्तर संभाग के दूर-दराज से आने वाले गरीब मरीजों को जगदलपुर में ही सुपर-स्पेशलिटी स्तर का इलाज मुहैया कराने के उद्देश्य से जिला खनिज संस्थान न्यास के अंतर्गत अस्पताल के उन्नयन और आधुनिकीकरण के लिए 07 करोड़ एक लाख रुपये का प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिसके तहत अस्पताल के बुनियादी ढांचे से लेकर गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए उपयोग होने वाली आधुनिक चिकित्सा उपकरणों तक हर स्तर पर बड़े बदलाव की तैयारी की जा रही है।

बैठक के अंत में कलेक्टर आकाश छिकारा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन सभी स्वीकृत और प्रस्तावित कार्यों को पूरी गुणवत्ता के साथ तय समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए, ताकि स्थानीय व ग्रामीण जनता को त्वरित और उच्च स्तरीय स्वास्थ्य लाभ मिल सके। इस बैठक में जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. रीना लक्ष्मी, अस्पताल सलाहकार डॉ. एनके ओझा सहित अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक मौजूद थे।

इस दाैरान स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी और मरीज-हितैषी बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर आकाश छिकारा द्वारा महारानी जिला अस्पताल का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अस्पताल की ऐतिहासिक महत्ता पर विशेष बल देते हुए कहा कि महारानी अस्पताल का अपना एक बेहद गौरवशाली इतिहास रहा है, इसलिए यहां तैनात सभी चिकित्सक, अधिकारी और अन्य स्टाफ इसके गौरव और प्रतिष्ठा के अनुरूप ही पूरी निष्ठा एवं सेवाभाव से कार्य करें। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, आपातकालीन सेवाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया तथा मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे