Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कोरबा, 24 जून (हि. स.)। प्रधानमंत्री आवास योजना ने कोरबा जिले के सीमावर्ती ग्राम काटाद्वारी निवासी महेत्तर राम के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है। वर्षों तक कच्चे मकान में कठिन परिस्थितियों में जीवन बिताने वाले महेत्तर राम अब अपने परिवार के साथ पक्के घर में सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी रहे हैं।
करीब 50 वर्षीय महेत्तर राम दोनों पैरों से चलने-फिरने में असमर्थ हैं। उनकी पत्नी का पहले ही निधन हो चुका है और वे अपने दो बेटों के साथ रहते हैं। कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण वे वर्षों तक अपना कच्चा मकान पक्का नहीं बनवा सके। बारिश के दिनों में घर की छत टपकती थी और परिवार को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था। हर मानसून उनके लिए चिंता और असुरक्षा लेकर आता था।
महेत्तर राम ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जब उनके नाम आवास स्वीकृत हुआ और किस्त की राशि मिली, तो उन्होंने पक्का मकान निर्माण का कार्य शुरू कराया। योजना की सहायता से उनका वर्षों पुराना सपना साकार हो गया। अब उनके परिवार के पास मजबूत छत वाला सुरक्षित घर है, जहां उन्हें बारिश और अन्य मौसम संबंधी परेशानियों का डर नहीं सताता।
उनके बेटे अनिल केंवट ने बताया कि बीमारी के कारण उनके पिता चलने-फिरने में असमर्थ हो गए हैं। परिवार की आजीविका चलाने के लिए वह गांव-गांव जाकर मिठाई बेचते हैं। सीमित आय में परिवार का खर्च चलाना ही चुनौतीपूर्ण था, इसलिए पक्का मकान बनवाना उनके लिए संभव नहीं था।
अनिल ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उनका कच्चा घर एक दिन पक्के मकान में बदल जाएगा। प्रधानमंत्री आवास योजना की मदद से उनका यह सपना पूरा हुआ है। अब परिवार को बरसात के दौरान पानी टपकने, दीवार गिरने या असुरक्षित मकान में रहने की चिंता नहीं करनी पड़ती।
प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से महेत्तर राम जैसे जरूरतमंद परिवारों को न केवल आवास की सुविधा मिल रही है, बल्कि उन्हें सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर भी प्राप्त हो रहा है। आज महेत्तर राम का परिवार अपने नए पक्के घर में सुकून और आत्मविश्वास के साथ जीवन बिता रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी