Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जांजगीर-चांपा, 24 जून (हि. स.)। जांजगीर-चांपा जिले में विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेने के क्रम में विधायक व्यास कश्यप ने आज बुधवार काे खोखरा नहर में निर्माणाधीन पुलिया का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, प्रगति और निर्धारित समय-सीमा के अनुसार हो रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी अधिकारियों से प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान विधायक व्यास कश्यप ने निर्माण स्थल पर पहुंचकर चल रहे कार्यों का अवलोकन किया और संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों से चर्चा की। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए कहा कि पुलिया का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को लंबे समय तक बेहतर सुविधा मिल सके।
विधायक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा तय समय-सीमा के भीतर कार्य को पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि अधूरे या निम्न गुणवत्ता वाले निर्माण कार्यों को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा और नियमित निगरानी के माध्यम से कार्यों की समीक्षा की जाएगी।
खोखरा नहर पर निर्माणाधीन यह पुलिया क्षेत्र के ग्रामीणों और आवागमन करने वाले लोगों के लिए महत्वपूर्ण परियोजना मानी जा रही है। पुलिया के निर्माण से आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा बरसात के दौरान होने वाली परेशानियों से भी राहत मिलेगी।
विधायक व्यास कश्यप ने कहा कि क्षेत्र के विकास और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से विभिन्न विकास कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि जनता को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT