Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

धर्मशाला, 24 जून (हि.स.)। जिला शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) धर्मशाला में आयोजित तीन दिवसीय एड्स एंड अप्लायंसेज वितरण शिविर का बुधवार को समापन हो गया। इस शिविर में जिला कांगड़ा के 23 शैक्षणिक खंडों के 260 विशेष आवश्यकता वाले विद्यार्थियों को विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए गए।
इस अवसर पर जिला उपनिदेशक गुणवत्ता शिक्षा, कांगड़ा, भाग सिंह ने बताया कि जिला कांगड़ा में लगभग 1500 विशेष आवश्यकता वाले विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नवंबर 2025 में इन विद्यार्थियों का मूल्यांकन एवं निरीक्षण किया गया था, जिसमें 260 विद्यार्थियों को सहायक उपकरणों की आवश्यकता चिन्हित की गई। समग्र शिक्षा के सौजन्य से ये उपकरण उपलब्ध करवाए गए।
उन्होंने बताया कि शिविर के सफल आयोजन में डाइट धर्मशाला की प्रधानाचार्या डॉ. निशा कटोच का विशेष योगदान रहा।
जिला समन्वयक डॉ. अंजू शर्मा ने बताया कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों का मूल्यांकन प्रतिवर्ष समग्र शिक्षा के सौजन्य से अक्टूबर अथवा नवंबर माह में करवाया जाता है, ताकि आवश्यकता अनुसार विद्यार्थियों को समय पर सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जा सकें। इस पहल को विशेष बच्चों के शैक्षिक और सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम बताया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया