Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जम्मू,, 24 जून (हि.स.)।
अब वह दिन दूर नहीं जब जम्मू आने वाले पर्यटक एक ही स्थान पर दुनिया और देश की प्रसिद्ध इमारतों एवं स्मारकों के साथ तस्वीरें खिंचवाकर अपनी यात्रा को यादगार बना सकेंगे। भगवती नगर में विकसित किए गए वेस्ट-टू-वंडर पार्क को 10 जुलाई को आम जनता के लिए खोलने की तैयारी अंतिम चरण में है।
इस विशेष पार्क में पेरिस के एफिल टॉवर, अमेरिका के व्हाइट हाउस सहित पांच अंतरराष्ट्रीय, पांच राष्ट्रीय और दो स्थानीय ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों की कलाकृतियां स्थापित की गई हैं। इन प्रतिकृतियों को कबाड़ और अनुपयोगी सामग्री (वेस्ट मटेरियल) से तैयार किया गया है, जो स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देती हैं।
पार्क के खुलने के बाद पर्यटकों और स्थानीय लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न प्रसिद्ध स्मारकों की झलक देखने का अवसर मिलेगा। इससे न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा बल्कि जम्मू शहर में एक नया आकर्षण भी जुड़ जाएगा।
प्रशासन के अनुसार उद्घाटन समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं और 10 जुलाई को मुख्यमंत्री या उपराज्यपाल द्वारा इसका उद्घाटन किए जाने की संभावना है। पार्क के शुरू होने से जम्मू आने वाले पर्यटक अपनी यात्रा को और अधिक यादगार बना सकेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता