Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

देवघर, 24 जून (हि.स.)। जिले के शत-प्रतिशत आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़े नौनिहालों और छोटे बच्चों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया के निर्देश पर बुधवार को जिले के विभिन्न प्रखंडों के पंचायत भवनों में पांच वर्ष तक के बच्चों के लिए विशेष आधार नामांकन शिविर आयोजित किया गया।
शिविरों में बड़ी संख्या में अभिभावक अपने बच्चों का आधार कार्ड बनवाने पहुंचे। उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले के सभी बच्चों का आधार कार्ड बनवाना है, ताकि उन्हें आंगनबाड़ी सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर और बिना किसी बाधा के मिल सके। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने-अपने प्रखंड के रोस्टर के अनुसार नजदीकी पंचायत भवन पहुंचकर बच्चों का आधार नामांकन अवश्य कराएं।
प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार शून्य से पांच वर्ष के बच्चों के नए आधार नामांकन के लिए माता-पिता में से किसी एक का आधार कार्ड तथा बच्चे का वैध जन्म प्रमाण पत्र अनिवार्य है। जिला प्रशासन ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों को अभियान की नियमित मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया है, ताकि कोई भी बच्चा इस सुविधा से वंचित न रह जाए।
विशेष आधार नामांकन शिविर के तहत देवघर प्रखंड के गिद्धनी, देवीपुर के अमडीहा, मधुपुर के उदयपुरा, मोहनपुर के ताराबाद, सारठ के चितरा, नगर निगम क्षेत्र के बरियारबांधी, सारवां के डकाय, करौं के टेकरा, पालोजोरी के भुरकुंडी तथा सोनारायठाड़ी के महापुर पंचायत में कैंप आयोजित किए गए। प्रशासन ने सभी अभिभावकों से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy