Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रांची, 24 जून (हि.स.)। झारखंड अकादमी काउंसिल (जैक) बोर्ड के माध्यम से विद्यार्थियों के नाम, जन्मतिथि और माता-पिता के नाम में हुई त्रुटियों के सुधार को लेकर छात्र-छात्राओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
विद्यार्थियों का आरोप है कि सुधार प्रक्रिया के लिए निर्धारित 30 जून 2026 की अंतिम तिथि काफी कम है, जबकि राज्यभर के हजारों छात्र इस समस्या से प्रभावित हैं। रश्मि कुमारी, सबिता मिंज, रोबिन कच्छप सहित अन्य छात्रों का कहना है कि प्रमाणपत्रों में हुई त्रुटियों के कारण उन्हें भविष्य की शैक्षणिक और प्रतियोगी प्रक्रियाओं में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। सुधार कार्य के लिए वे पिछले दो दिनों से संबंधित कार्यालयों और बैंकों के चक्कर लगा रहे हैं। विद्यार्थियों ने आरोप लगाया कि आवश्यक दस्तावेज जमा करने के बावजूद समय पर कार्य नहीं किया जा रहा है और अगले दिन फिर बुलाया जा रहा है। उनका कहना है कि लंबी कतारों में घंटों इंतजार के बाद भी कार्य में देरी हो रही है।
छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि बैंक में कार्य की गति धीमी रही और निर्धारित समय के बाद उन्हें अगले दिन पुनः आने को कहा गया। इससे दूर-दराज से आए विद्यार्थियों को अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ रही है। विद्यार्थियों ने जैक परिषद से सुधार की अंतिम तिथि बढ़ाने और प्रक्रिया को सरल और सुचारु बनाने की मांग की है, ताकि सभी प्रभावित छात्र समय पर अपना संशोधन करा सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar