कोई योग्य मतदाता छूटे नहीं और अयोग्य का नाम सूची में रहे नहीं : डीसी
धनबाद, 24 जून (हि.स.)। धनबाद में मतदाता सूची गहन विशेष पुनरीक्षण (एसआईआर) 2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। इसी को लेकर उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी आदित्य रंजन ने समाहरणालय सभागार में बुधवार को प्रेस वार्ता कर अभियान की जानक
जानकारी देते धनबाद उपायुक्त एवं अन्य अधिकारी


धनबाद, 24 जून (हि.स.)। धनबाद में मतदाता सूची गहन विशेष पुनरीक्षण (एसआईआर) 2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। इसी को लेकर उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी आदित्य रंजन ने समाहरणालय सभागार में बुधवार को प्रेस वार्ता कर अभियान की जानकारी दी।

डीसी आदित्य रंजन ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देश के तहत इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है कि कोई भी योग्य मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे और किसी भी अयोग्य व्यक्ति का नाम सूची में शामिल न हो। इसी उद्देश्य को लेकर जिले में बूथ लेवल अधिकारियों, सुपरवाइजरों, वॉलिंटियर और बीएलए को प्रशिक्षण दिया गया है, ताकि घर-घर जाकर मतदाताओं का सही सत्यापन किया जा सके।

उन्होंने बताया कि जिले में वोटर्स मैपिंग का काम लगातार जारी है। प्रतिदिन करीब 01 से 02 प्रतिशत यानी लगभग 20 हजार मतदाताओं के नामों का सत्यापन किया जा रहा है। हालांकि धनबाद शहरी क्षेत्र और झरिया इलाके में अनमैप्ड वोटर्स की संख्या ज्यादा है, जिसका कारण शहरी क्षेत्र की बढ़ती आबादी और खनन परियोजनाओं के कारण लोगों का विस्थापन है।

डीसी ने कहा कि अभियान के तहत मृत मतदाताओं के नाम हटाने, स्थान परिवर्तन करने वाले मतदाताओं का पता और विवरण अपडेट करने, डुप्लीकेट नाम हटाने, 18 वर्ष से अधिक उम्र के नए मतदाताओं का नाम जोड़ने सहित कई प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मैपिंग का काम तेजी से हो रहा है, जबकि शहरी इलाकों में अधिक आबादी और लोगों के लगातार स्थान परिवर्तन के कारण सत्यापन प्रक्रिया में थोड़ा अधिक समय लग रहा है।

डीसी आदित्य रंजन ने सभी शहरी मतदाताओं से अपील की कि वे आगे आकर अपने नाम का सत्यापन कराएं। यदि किसी योग्य व्यक्ति का नाम सूची में छूट गया है तो उसे जुड़वाएं और यदि किसी फर्जी या अयोग्य मतदाता का नाम सूची में है तो उसे हटाने में बीएलओ की मदद करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार झा