Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रांची, 24 जून (हि.स.)। रांची के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम जेएससीए में झारखंड टी20 क्रिकेट लीग के फाइनल मैच के दौरान हुई भगदड़ में सिल्ली के पुलिस उपाधीक्षक के पुत्र के घायल होने का मामला बुधवार को सामने आया है।
हादसे में गंभीर रूप से चोटिल होने के कारण उन्हें तत्काल शहर के पारस अस्पताल ले जाया गया, जहां फिलहाल उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के वरिष्ठ डॉक्टरों की देखरेख में डीएसपी के पुत्र का इलाज चल रहा है। अधिकारिक सूत्रों के अनुसार, भगदड़ के दौरान भीड़ के अत्यधिक दबाव के चलते उन्हें अंदरूनी और बाहरी चोटें आई हैं। आईसीयू में डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक महकमे के कई वरिष्ठ अधिकारी भी घायलों का हालचाल जानने अस्पताल पहुंचे हैं।
उल्लेखनीय है कि गत मंगलवार को हुए झारखंड टी20 क्रिकेट लीग के फाइनल मुकाबले को देखने के लिए उम्मीद से कहीं ज्यादा दर्शकों का हुजूम उमड़ पड़ा था, जिसके चलते स्टेडियम के प्रवेश द्वार पर अचानक अनियंत्रित भीड़ बढ़ गई। इस हादसे में लगभग 10 से अधिक लोग घायल हुए थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे