Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

देवघर, 24 जून (हि.स.)। बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर में बुधधार काे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। तड़के सुबह से ही आम श्रद्धालुओं की कतार के साथ-साथ शीघ्र दर्शनम और वीआईपी लाइन में भी लंबी कतारें लगी रहीं। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की इतनी अधिक भीड़ थी कि पांव रखने तक की जगह मुश्किल से मिल रही थी। हर कोई जल्द से जल्द बाबा के दर्शन के लिए आतुर दिखाई दे रहा था। मंदिर प्रांगण में विभिन्न धार्मिक और मांगलिक अनुष्ठान भी आयोजित किए गए। तीर्थ पुरोहित अजय परिहस्त ने बताया कि हिंदू पंचांग के अनुसार 24 जून को ज्येष्ठ मास के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि है और शाम 6.12 बजे से निर्जला एकादशी का प्रारंभ हो रहा है।
इस विशेष अवसर पर श्रद्धालु मुंडन, जनेऊ संस्कार सहित अन्य धार्मिक अनुष्ठान संपन्न करते हैं। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर में महादेव के पंचशूल के नीचे किए जाने वाले प्रत्येक धार्मिक आयोजन का विशेष महत्व माना जाता है। भीड़ को देखते हुए विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस बल के जवान विभिन्न स्थानों पर तैनात रहे।
वहीं पार्वती मंदिर प्रवेश द्वार पर गर्मी और भीड़ के कारण कुछ श्रद्धालु आपस में उलझते भी दिखाई दिए। सूचना मिलने पर मंदिर कर्मी और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित कर श्रद्धालुओं को व्यवस्थित किया। निर्जला एकादशी के आगमन और धार्मिक आयोजनों के कारण बाबा नगरी में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy