Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रांची, 24 जून (हि.स.)। हेवी इंजीनियर्स कॉर्पोरेशन (एचईसी) श्रमिक संघ के अध्यक्ष शनि सिंह ने कहा कि एचईसी प्रबंधन उपक्रम के मजदूर-कर्मियों के लंबित वेतन भुगतान और पे-स्लिप जारी करे।
उन्होंने बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि कर्मचारियों को समय पर वेतन और वेतन संबंधी दस्तावेज उपलब्ध कराना प्रबंधन की जिम्मेदारी है। वेतन नहीं मिलने से कर्मी परेशान हैं। घर द्वार चलाना मुश्किल हो रहा है।
शनि सिंह ने कहा कि एचईसी के कर्मियों को जनवरी 2024 से संबंधित पे-स्लिप उपलब्ध नहीं कराई गई है। उन्होंने मांग की कि इस माह लंबित पे-स्लिप जारी करने के साथ वेतन भुगतान सुनिश्चित किया जाए, ताकि कर्मचारियों को राहत मिल सके।
शनि ने कहा कि एचईसी में उत्पादन गतिविधियों में पहले की तुलना में वृद्धि हुई है। एनसीएल, एनएमडीसी, दुर्गापुर स्टील प्लांट, भिलाई स्टील प्लांट और बोकारो स्टील प्लांट के लिए तैयार किए जा रहे उत्पादों की समय पर आपूर्ति की जा रही है।
श्रमिक संघ के अध्यक्ष ने दावा किया कि संस्थान में प्रतिमाह लगभग 10 करोड़ रुपये का उत्पादन हो रहा है, जिससे कर्मचारियों में वेतन भुगतान की उम्मीद बढ़ी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar