तोपचांची में डायलिसिस केंद्र का विधायक ने किया उद्घाटन
धनबाद, 24 जून (हि.स.)। तोपचांची में नवस्थापित डायलिसिस केंद्र का बुधवार को टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो, उपायुक्त आदित्य रंजन और उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने संयुक्त रूप से फीता काटकर उद्घाटन किया। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि यह केंद्र क्षेत्र
केंद्र का उद्घाटन करते टुंडी विधायक, डीसी एवं डीडीसी


धनबाद, 24 जून (हि.स.)। तोपचांची में नवस्थापित डायलिसिस केंद्र का बुधवार को टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो, उपायुक्त आदित्य रंजन और उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने संयुक्त रूप से फीता काटकर उद्घाटन किया।

इस अवसर पर विधायक ने कहा कि यह केंद्र क्षेत्र के मरीजों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण के लिए राज्य सरकार ऐसी जनहितकारी पहल निरंतर जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। तोपचांची में इस डायलिसिस केंद्र के खुलने से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ कम होगा और समय पर इलाज मिलने से कई जानें बचाई जा सकेंगी।

इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि इस केंद्र के शुरू होने से अब स्थानीय मरीजों को डायलिसिस के लिए धनबाद या अन्य शहरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।

उन्होंने कहा कि इस केंद्र में सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं (जैसे आयुष्मान भारत) के तहत पात्र मरीजों को नि:शुल्क डायलिसिस की सुविधा मिलेगी। केंद्र में अत्याधुनिक डायलिसिस मशीनें और जीवन रक्षक उपकरण लगाए गए हैं, ताकि मरीजों को उच्च स्तरीय चिकित्सा मिल सके। मरीजों की देखभाल के लिए प्रशिक्षित तकनीशियन और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम तैनात की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार झा