Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

खूंटी, 24 जून (हि.स.)। समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त मो जावेद हुसैन की अध्यक्षता में बुधवार को सामाजिक सुरक्षा, बाल संरक्षण, श्रम, नियोजन एवं प्रशिक्षण विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विभिन्न विभागों की ओर से संचालित योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति का आकलन करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सामाजिक सुरक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न पेंशन योजनाओं से वंचित पात्र लाभुकों की पहचान कर उनका शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए ताकि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति सरकारी सहायता से वंचित न रहे।
बाल संरक्षण से संबंधित योजनाओं की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने देखरेख एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों (सीएनसीपी) को समय पर बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष प्रस्तुत करने और अधिक से अधिक बच्चों को स्पॉन्सरशिप योजना से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने चाइल्ड हेल्पलाइन इकाई को थाना स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित करने और बस पड़ावों, हाट-बाजारों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर नियमित औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही बाल श्रम, बाल विवाह एवं बच्चों से जुड़े संवेदनशील मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
नियोजन विभाग की समीक्षा में उपायुक्त ने जिला एवं प्रखंड स्तर पर नियमित रोजगार शिविर आयोजित कर बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसरों से जोड़ने और निजी एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों के साथ समन्वय बढ़ाकर युवाओं के नियोजन को प्रोत्साहित करने का निर्देश दिया।
वहीं श्रम विभाग को असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों का अधिकाधिक पंजीकरण सुनिश्चित करने, विभागीय कल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और पात्र श्रमिकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।
बैठक में सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा-सह-जिला नियोजन पदाधिकारी, जिला श्रम अधीक्षक, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा