Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

देवघर, 24 जून (हि.स.)। राजद विधायक सुरेश पासवान ने नगर निगम में अपने विधायक प्रतिनिधि के पद से कर्मचारी नेता संजय मंडल को हटा दिया। इसके बाद संजय मंडल ने भी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की सदस्यता से स्वयं को अलग कर लिया। इस घटनाक्रम के कुछ ही घंटों बाद निशिकांत दुबे ने संजय मंडल और नागेंद्र नाथ बलियासे उर्फ बाबा बलियासे को नगर निगम की निगरानी, देखरेख और विकास समिति का सदस्य मनोनीत करने संबंधी पत्र जारी कर दिया।
इस नियुक्ति के बाद राजनीतिक गलियारों और आम लोगों के बीच चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। खासकर यह अटकलें लगाई जा रही हैं कि सफाई कर्मचारी नेता संजय मंडल कहीं भारतीय जनता पार्टी की ओर तो नहीं बढ़ रहे हैं।
हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि एक ओर जहां विधायक ने संजय मंडल को प्रतिनिधि पद से हटाया, वहीं दूसरी ओर सांसद निशिकांत दुबे ने उन्हें नई जिम्मेदारी देकर सक्रिय भूमिका में बनाए रखने का संकेत दिया है। इससे स्थानीय राजनीति में नए समीकरण बनने की संभावना भी जताई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy