Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जींद, 24 जून (हि.स.)। नेशनल मेडिकल कमीशन की टीम बुधवार को नागरिक अस्पताल पहुंची। टीम ने गांव हैबतपुर में स्थित संत शिरोमणि धन्ना भगत राजकीय मेडिकल कालेज को मिली 50 मएमबीबीएस सीटों की प्रेक्टिस को लेकर जांच की। चार सदस्यीय इस टीम ने कुछ भी बताने और अपनी जांच रिपोर्ट को गुप्त रखने की बात कही और केवल इतना ही बताया कि वो अपनी जांच रिपोर्ट को नेशनल मेडिकल कमीशन को सौंपेंगे।
गौरतलब है कि मई माह में गांव हैबतपुर में स्थित संत शिरोमणि धन्ना भगत राजकीय मेडिकल कालेज जींद के लिए 50 सीटों की घोषणा हुई थी। हालांकि इसका अभी तक अधिकारिक रूप से कोई पत्र जारी नहीं हुआ है। इस पत्र के जारी होने से पहले नेशनल मेडिकल काउंसिल की टीम नागरिक अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लेती है। यदि नागरिक अस्पताल इन व्यवस्थाओं पर खरा उतरता है तो फिर मेडिकल कालेज में एमबीबीएस सीटों पर दाखिल हो सकेंगे। यदि नागरिक अस्पताल में ही सुविधाओं की कमी होगी तो फिर इस बार भी मेडिकल कालेज में दाखिले नहीं हो पाएंगे। जब तक नेशनल मेडिकल काउंसिल की टीम के अनुसार नागरिक अस्पताल में व्यवस्थाएं नहीं होंगे तब तक मेडिकल कालेज में दाखिलों की अनुमति नहीं मिलेगी। इस टीम की रिपोर्ट के आधार पर भी अब मेडिकल कालेज में सीटों की संख्या तय करेगी।
नेशनल मेडिकल कमीशन टीम ने अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड से लेकर गायनी व शवगृह का भी दौरा किया। मेडिकल के विद्यार्थियों को प्रैक्टिस के लिए हर प्रकार की सुविधा और मरीज चाहिएं। इसलिए सबसे पहले इमरजेंसी वार्ड का टीम ने दौरा किया। टीम ने नागरिक अस्पताल प्रशासन से तीन दिन से लेकर तीन महीने और तीन साल का रिकार्ड मांगा है। इस रिकार्ड में अब तक आए मरीजों की संख्या, अस्पताल में किन-किन विभागों की सुविधाएं हैं, अस्पताल में बेड कितने हैं और कितने डाक्टर यहां पर काम कर रहे हैं।नागरिक अस्पताल के पीएमओ डा. रघुवीर पूनिया ने बताया कि नेशनल मेडिकल कमीशन की टीम ने नागरिक अस्पताल का दौरा किया है। टीम ने नागरिक अस्पताल की व्यवस्थाओं व सुविधाओं के बारे में देखा है। टीम अपनी रिपोर्ट नेशनल मेडिकल कमीशन को ही सौंपेंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा