Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कोरबा, 24 जून (हि. स.)। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में डिजिटल सुशासन को बढ़ावा देने के लिए शुरू किया गया आम नागरिकों के लिए बड़ी सुविधा साबित हो रहा है। शासन की विभिन्न सेवाओं को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से लोगों तक पहुंचाने की इस पहल से नागरिकों की सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने की परेशानी काफी हद तक कम हुई है।
सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से अब जाति, आय और निवास प्रमाण-पत्र सहित सैकड़ों सरकारी सेवाएं एक ही मंच पर उपलब्ध हैं। इससे आवेदन प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक सरल, तेज और पारदर्शी हो गई है। डिजिटल व्यवस्था के कारण आवेदनों का त्वरित निराकरण हो रहा है और लोगों को निर्धारित समय-सीमा में सेवाओं का लाभ मिल रहा है।
कोरबा विकासखंड के ग्राम सोनपुरी निवासी हेमंत कुमार ने भी सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से जाति प्रमाण-पत्र प्राप्त कर इस सुविधा का लाभ उठाया। उन्हें जाति प्रमाण-पत्र की आवश्यकता थी, जिसके लिए उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित लोक सेवा केंद्र में जाकर सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से आवेदन किया। ऑनलाइन प्रक्रिया और इलेक्ट्रॉनिक वर्कफ्लो सिस्टम के चलते उनके आवेदन का शीघ्र निराकरण हुआ और उन्हें तय समय में प्रमाण-पत्र मिल गया।
हेमंत कुमार ने बताया कि पहले ऐसे कार्यों के लिए अलग-अलग कार्यालयों में जाना पड़ता था और प्रक्रिया में काफी समय लग जाता था। लेकिन सेवा सेतु पोर्टल के जरिए आवेदन करना आसान रहा और बिना किसी अनावश्यक भागदौड़ के समय पर प्रमाण-पत्र प्राप्त हो गया। उन्होंने इस सुविधा के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि सेवा सेतु जैसी डिजिटल व्यवस्था आम नागरिकों के लिए बड़ी राहत है, जिससे सरकारी सेवाओं तक पहुंच आसान हुई है। साथ ही उन्होंने अन्य लोगों को भी इस पोर्टल की जानकारी देकर इसका लाभ लेने के लिए प्रेरित करने की बात कही।
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी