Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बलरामपुर, 24 जून (हि.स.)। जिले के वाड्रफनगर विकासखंड अंतर्गत ग्राम गुरमुटी के आश्रित ग्राम धौरपुर और संघरा में पेयजल समस्या की शिकायत सामने आते ही प्रशासन सक्रिय हो गया। आज बुधवार को शिकायत मिलने पर कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर के निर्देश पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की टीम ने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान धौरपुर तथा प्राथमिक शाला संघरा के समीप स्थापित हैंडपंपों में तकनीकी खराबी पाई गई, जिसके कारण पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो रही थी।
विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए हैंडपंप तकनीशियन की मदद से आवश्यक मरम्मत कार्य कराया। सुधार कार्य पूरा होने के बाद दोनों हैंडपंपों को पुनः चालू कर दिया गया, जिससे ग्रामीणों को फिर से नियमित पेयजल उपलब्ध होने लगा।
प्रशासन का कहना है कि आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। किसी भी क्षेत्र से समस्या की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है, ताकि लोगों को समय पर राहत मिल सके।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय