Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जम्मू,, 24 जून (हि.स.)।
चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री जम्मू की एक बैठक में संगठन के अध्यक्ष अरुण गुप्ता ने जम्मू-कश्मीर यूटी कैबिनेट द्वारा जम्मू और श्रीनगर में लगभग 255 करोड़ रुपये की लागत से दो आधुनिक शॉपिंग मॉल बनाने के फैसले का स्वागत किया।
बैठक में बोलते हुए अरुण गुप्ता ने कहा कि जम्मू और श्रीनगर में आधुनिक वाणिज्यिक परिसरों के निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही थी। उन्होंने कहा कि सरकार ने व्यापारिक समुदाय की चिंताओं और अपेक्षाओं को समझते हुए यह प्रगतिशील निर्णय लिया है जिससे दोनों क्षेत्रों में व्यापारिक ढांचे को मजबूती मिलेगी और नए रोजगार एवं व्यापारिक अवसर पैदा होंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि नई बस्ती के दुकानदारों के पुनर्वास के लिए पुनर्वास योजना को मंजूरी मिलना एक सराहनीय कदम है जिससे प्रभावित व्यापारियों को राहत मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस योजना को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा ताकि सभी हितधारकों के हित सुरक्षित रह सकें।
चेंबर ने सरकार के इन निर्णयों पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कदम जम्मू-कश्मीर की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देगा और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
इस बैठक में वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनिल गुप्ता, जूनियर उपाध्यक्ष राजीव गुप्ता, महासचिव मनीष गुप्ता और कोषाध्यक्ष राजेश गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता