Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सिरसा, 24 जून (हि.स.)। जिले के ऐलनाबाद क्षेत्र में तीन दिन से लापता व्यक्ति का शव गांव भुर्टवाला के खेतों में बने खाल से मिला है। लाश को कुत्तों ने बुरी तरह नोच रखा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल पहुंचाया। मृतक की पहचान गांव भुर्टवाला निवासी बलराम के रूप में हुई है। लाश के पास एक स्प्रे की बोतल भी मिली है।
गांव भुर्टवाला निवासी बलराम तीन दिन पहले घर से लापता हो गया था। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद ऐलनाबाद थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। बुधवार को खेत मालिक खेत में पहुंचा तो उसे बदबू आई। उसने देखा कि खेत के किनारे एक लाश पड़ी है जिसे कुत्तों ने नोच रखा था और एक स्प्रे की बोतल भी पड़ी थी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में पहुंचाया। परिजन भी मौके पर पहुंचे और शव की पहचान बलराम के रूप में की। जिस खेत में शव मिला है वह मृतक बलराम के चाचा रामकुमार का है। परिजनों का कहना है कि वे बीते मंगलवार को भी खेत में आए थे, लेकिन उस समय वहां कोई शव नहीं था। ऐसे में उन्होंने हत्या कर शव को बाद में यहां फेंकने की आशंका जाहिर की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma