Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जम्मू, 24 जून (हि.स.)। जिला विकास आयुक्त डोडा कृष्ण लाल ने बुधवार को भलेसा ब्लॉक के पंचायत चौनरी में ब्लॉक दिवस एवं जन शिकायत निवारण शिविर की अध्यक्षता की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न वर्गों के लोगों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं और मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं। शिविर के दौरान सड़क संपर्क, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, परिवहन, बिजली, पेयजल, मोबाइल नेटवर्क, कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और मनरेगा कार्यों से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। लोगों ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई, जनजातीय परिवारों के लिए सड़क सुविधा, पीएमजीएसवाई परियोजनाओं में तेजी, स्कूलों में स्टाफ की कमी दूर करने तथा डायलिसिस यूनिट को जल्द शुरू करने की मांग की।
डीडीसी कृष्ण लाल ने संबंधित विभागों को सभी शिकायतों के समयबद्ध समाधान और विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क सुरक्षा के लिए ब्लैकटॉपिंग, सुरक्षा दीवारों और क्रैश बैरियर लगाने, पंचायत स्तर पर राजस्व शिविरों को मजबूत करने तथा पेयजल और बिजली सेवाओं में सुधार सुनिश्चित करने को कहा। अधिकारियों ने बताया कि डायलिसिस यूनिट पूरी तरह तैयार है और जल्द शुरू की जाएगी। एक्स-रे सुविधा चालू हो चुकी है जबकि स्वास्थ्य केंद्र भवन के स्थानांतरण की संभावना पर भी विचार किया जा रहा है। शिक्षा विभाग ने बताया कि मरम्मत कार्य शुरू हो चुके हैं और समग्र शिक्षा के तहत मौसमी शिक्षकों की नियुक्ति की जा रही है।
डीडीसी ने नशा मुक्त और टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने के लिए युवाओं और नागरिकों से सहयोग की अपील की तथा कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का भी निरीक्षण किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा