Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

गुवाहाटी, 24 जून (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने 17 जून को 14:22 बजे हाफलंग ग्रिड सब-स्टेशन (जीएसएस) से न्यू हाफलंग ट्रैक्शन सब-स्टेशन (टीएसएस) तक 132 केवी ट्रांसमिशन लाइन को सफलतापूर्वक चालू किया। यह रेल बिजलीकरण के मिशन में एक उल्लेखनीय सफलता है।
पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि ट्रांसमिशन लाइन के चालू होने से रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण लामडिंग-बदरपुर हिल सेक्शन में रेल बिजलीकरण परियोजना का एक अहम हिस्सा पूरा हो गया है। न्यू हाफलंग ट्रैक्शन सब-स्टेशन का चालू होना इस चुनौतीपूर्ण पहाड़ी रूट पर इलेक्ट्रिक ट्रेन चलाने की दिशा में एक प्रमुख कदम है। यह रूट बराक वैली और पूर्वोत्तर राज्यों को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण रेल लिंक है।
इसके चालू होने के साथ ही, ट्रैक्शन पावर सप्लाई इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े सभी मुख्य काम अब पूरे हो गए हैं। परियोजना अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है और आवश्यक जांच, निरीक्षण और ट्रायल रन पूरा होने के बाद, आने वाले सप्ताह में इस सेक्शन पर इलेक्ट्रिक ट्रेन चलाए जाने की उम्मीद है।
लामडिंग-बदरपुर हिल सेक्शन के बिजलीकरण से ऑपरेशनल क्षमता बढ़ेगी, जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता कम होगी, माल परिवहन की क्षमता बेहतर होगी,मेंटेनेंस खर्च कम होगा और पर्यावरण के अनुकूल रेल संचालन में काफी मदद मिलेगी।
पूसीरे अपने इंफ्रास्ट्रक्चर को आधुनिक बनाने और पूरे क्षेत्र में अधिक तेज़, पर्यावरण के अनुकूल और कुशल रेल सेवाएं देने को प्रतिबद्ध है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय