Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों ने किया अग्रोहा मेडिकल
का दौरा
हिसार, 24 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री जन आरोग्य
योजना (पीएम-जय) आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत हरियाणा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते
हुए शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज, अग्रोहा का दौरा
हरियाणा के विभिन्न सरकारी मेडिकल कॉलेजों के नोडल अधिकारियों ने कियाा। इस दौरे का
मुख्य उद्देश्य संस्थान की आयुष्मान योजना के अंतर्गत अपनाई जा रही कार्यप्रणाली, प्रबंधन
प्रणाली एवं मरीजों को दी जा रही सुविधाओं को समझना और उनसे सीख लेकर अपने-अपने संस्थानों
में भी बेहतर परिणाम सुनिश्चित करना था।
दौरे के दौरान टीम ने बुधवार काे अस्पताल के विभिन्न विभागों,
वार्डों एवं मरीज सेवाओं का अवलोकन किया तथा आयुष्मान भारत योजना के तहत मरीज पंजीकरण,
उपचार प्रक्रिया, लाभार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं और समग्र संचालन प्रणाली की विस्तृत
जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर आयोजित बैठक की अध्यक्षता पूर्व सांसद
जनरल डीपी वत्स एवं महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज के निदेशक डॉ. करनदीप सिंह ने की।
बैठक में आयुष्मान योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, संस्थान द्वारा अपनाई गई व्यवस्थाओं
एवं स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
पूर्व सांसद जनरल डीपी वत्स ने कहा कि प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ की गई आयुष्मान भारत योजना देश के गरीब एवं जरूरतमंद वर्ग
के लिए वरदान साबित हुई है। इस योजना ने लाखों परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं
से जोड़ा है तथा आर्थिक बोझ को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। बैठक के दौरान चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजीव चौहान,
डॉ. राकेश शर्मा और डॉ. संदीप राणा ने बताया कि महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज, अग्रोहा
ने गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं, बेहतर प्रबंधन एवं मरीज-केंद्रित दृष्टिकोण के
माध्यम से आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत प्रदेश में एक नई पहचान स्थापित की है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर