Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हरिद्वार, 21 जून (हि.स.)। दर्जाधारी राज्य मंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि ने रविवार को मनसा देवी मंदिर प्रांगण का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर में पेयजल की कमी, साफ-सफाई की बदहाल व्यवस्था और शौचालयों पर ताले लगे होने पर उन्होंने नाराजगी जताई।
मंत्री ने मौके पर ही मंदिर प्रबंधन समिति एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को तलब कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मनसा देवी मंदिर देशभर से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और यहां मूलभूत सुविधाओं का अभाव गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंदिर परिसर में पेयजल एवं स्वच्छता व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त किया जाए। उन्होंने सभी शौचालयों को चौबीसों घंटे खुला रखने और उनकी नियमित सफाई सुनिश्चित करने के आदेश दिए। साथ ही आगामी कांवड़ मेले को देखते हुए शौचालयों और अन्य सुविधाओं की स्थिति में तत्काल सुधार करने को कहा, ताकि श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
राज्य मंत्री ने नगर आयुक्त से दूरभाष पर वार्ता कर मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों से कूड़ा उठाने की व्यवस्था तत्काल प्रभाव से सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों पर स्वच्छता और मूलभूत सुविधाएं प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी हैं तथा इसमें किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जानी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने व्यवस्थाओं में शीघ्र सुधार का आश्वासन दिया। मंत्री ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं हुईं तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला