Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नाहन, 21 जून (हि.स.)। सिरमौर जिला के जल शक्ति मंडल राजगढ़ में विभिन्न पेयजल योजनाओं को सुचारू रूप से चलाने के लिए पैरा पम्प चालक, पैरा फिटर तथा बहुउदेशीय कार्यकर्ता के कुल 10 पदों को अंशकालीन आधार पर भरा जा रहा है।
अधिशाषी अभियंता जल शक्ति मंडल राजगढ़ ने यह जानकारी देते हुए बताया कि अंशकालीन आधार पर 4 पैरा पम्प चालक नियुक्त किए जांएगे जिसमें 02 पद अनारक्षित, 01 पद अनुसूचित तथा 01 पद अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित है। इसी प्रकार पैरा फिटर के 02 पदों में 01 पद अनुुसूचित व 01 पद अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए है, तथा बहुउदेशीय कार्यकर्ता के 04 पदों में 02 पद अनारक्षित, 01 पद अनुसूचित तथा 01 पद अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित है।
उन्होंने बताया कि पात्र इच्छुक व्यक्ति 04 जुलाई 2026 तक अपना आवेदन डाक द्वारा अथवा स्वयं जल शक्ति मंडल राजगढ़ कार्यालय में आवश्यक दस्तावेजों सहित जमा करवा सकते है।
उन्होंने बताया कि पैरा पम्प चालक के उम्मीदवार के पास इलेक्ट्रीशियन/वायरमैन/डीजल मैकेनिक/पंप आपरेटर अथवा पंप संचालन रखरखाव के ट्रेड में मान्यता प्राप्त आईटीआई प्रमाण पत्र सहित 10 वीं न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता होनी चाहिए। पैरा फिटर उम्मीदवार के पास मान्यता प्राप्त आईटीआई से फिटर ट्रेड में प्रमाण पत्र सहित 10 वीं न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता होनी चाहिए तथा बहुउद्देशीय कार्यकर्ता के लिए राज्य सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त विद्यालय से कम से कम 8 वीं पास होना चाहिए।
इन पदों के लिए उम्मीदवार की आयु 18 से 45 वर्ष, तथा उसके पास हिमाचली प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र आदि आवश्यक दस्तावेज होने चाहिए।
पैरा पम्प चालक तथा पैरा फिटर की 7100 रुपये तथा बहुउद्देशीय कार्यकर्ता की 6000 रुपये प्रतिमाह पर अंशकालीन आधार पर प्रतिदिन 06 घंटे के लिए नियुक्ति की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर