Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


धौलपुर, 21 जून (हि.स.)। स्वस्थ आयु के लिए योग’ थीम पर जिला स्तर पर बारहवां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह रविवार को स्थानीय परशुराम धर्मशाला में मनाया गया। योगाभ्यास से पूर्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कोलकाता से योग पर उद्बोधन का प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में योगाचार्य समग्र देव की अगुवाई में पतंजलि की योग टीम द्वारा ताड़ासन, वृक्षासन, वज्रासन, शशकासन, वक्रासन, पवनमुक्तासन, सहित कपालभांति व अनुलोम विलोम, भ्रामरी आदि का अभ्यास कराया गया।
आयोजन में जिला कलेक्टर श्रीनिधि बी टी ने कहा कि योग भारत की प्राचीनतम विद्या है। इसकी साधना वस्तुतः शरीर, मन और आत्मा को शुद्ध करने की एक प्रक्रिया है। स्वस्थ, तनाव मुक्त और अनुशासित जीवन के लिए योग का महत्व आज पूरा विश्व समझ रहा है। योग करने से आत्मविश्वास बढ़ता है भावनात्मक बुद्धिमत्ता में सुधार, चिंता दूर करने में सहायक तथा मन भी शांत रहता हैं। प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य जीवन, तन और मन के लिए नियमित रूप से योगा करना चाहिए। इस दौरान 17 जून से 26 जून 2026 तक आयोजित किए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस सप्ताह के तहत जिला कलक्टर ने नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई। कार्यक्रम का संचालन करते हुए सामाजिक कार्यकर्ता अनुराग शर्मा ने प्राचीन भारतीय योग पद्वति की जानकारी देते हुए आमज से योग को जीवन में अपनाने का आव्हान किया। उपनिदेशक आयुर्वेद विभाग डॉ. दिनेश शर्मा ने आभार ज्ञापित किया। सत्र का समापन भाजपा जिला अध्यक्ष राजवीर सिंह राजावत द्वारा शान्ति पाठ से किया गया। इस अवसर पर जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान, जिला प्रचारक रौनक सिंह,अपर पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा, अतिरिक्त जिला कलक्टर हरिराम मीना,भाजपा नेत्री नीरजा शर्मा, पूर्व विधायक सुखराम कोली सहित आमजन एवं अधिकारी कर्मचारीगण मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप