Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नाहन, 21 जून (हि.स.)। जिला सिरमौर के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के खैरी क्षेत्र में एक युवक का शव संदिग्ध हालत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। उधर, पुलिस ने शव कब्जे में लेकर घटना की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार रात खैरी के साथ लगते जंगल क्षेत्र में कुछ स्थानीय लोगों ने एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा, जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
मृतक की पहचान लखविंद्र सिंह (30) निवासी लट्ठे माजरी, नारायणगढ़ (हरियाणा) के रूप में हुई है। प्रारंभिक तौर पर शव दो से तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण किया, ताकि घटना से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग जुटाए जा सकें।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए डॉ. वाई.एस. परमार मेडिकल कॉलेज नाहन भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
एसपी सिरमौर एन.एस. नेगी ने बताया कि युवक की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर