Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

राजगढ़, 21 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की नगर इकाई सुठालिया द्वारा रविवार को कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर और नवीन नगर कार्यकारिणी घोषणा कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में एबीवीपी के जिला संयोजक शुभम शर्मा और चुनाव अधिकारी राकेश सोंधिया मुख्य रूप से मौजूद रहे। शिविर में संगठन की कार्यपद्धति, कार्यकर्ता आचरण, कार्य विस्तार और विद्यार्थी परिषद की विचारधारा पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत परिषद गीत और परिचय सत्र से हुई। जिला संयोजक शुभम शर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी परिषद केवल छात्र हितों की आवाज नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित एक मजबूत छात्र संगठन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से महाविद्यालयों और समाज में सक्रिय भूमिका निभाने तथा संगठन की विचारधारा को अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
चुनाव अधिकारी राकेश सोंधिया ने कहा कि किसी भी संगठन की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता होते हैं। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए दायित्वों का निर्वहन अनुशासन, निष्ठा और समर्पण के साथ करने की बात कही। इस दौरान नई नगर कार्यकारिणी की घोषणा की गई। इसमें मनोज गिरी को नगर अध्यक्ष और नीरज सोंधिया को नगर मंत्री बनाया गया। वहीं दिलवर परिहार और किशन गोस्वामी को नगर उपाध्यक्ष, ऋषिराज, प्रिंस, नितिन और निकलेश कुशवाहा को सहमंत्री बनाया गया। कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने विद्यार्थी हित, संगठन विस्तार और राष्ट्र निर्माण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक