Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जिलास्तरीय कार्यक्रम आयोजित, विद्यार्थियों के योग प्रदर्शन ने बटोरी सराहना
सूरजपुर, 21 जून (हि.स.)। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को जिला मुख्यालय में जिलास्तरीय कार्यक्रम का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। इस वर्ष की थीम “योग फॉर हेल्दी एजिंग” रही। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि बच्चों में अनुशासन और आत्मविश्वास का विकास अत्यंत आवश्यक है तथा योग इसके लिए सबसे प्रभावी माध्यमों में से एक है। नियमित योगाभ्यास से शारीरिक और मानसिक संतुलन के साथ जीवन में अनुशासन की भावना विकसित होती है। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों से बच्चों को योग के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा ने कहा कि योग स्वस्थ और ऊर्जावान जीवन का आधार है। उन्होंने युवाओं से नियमित योग करने की अपील करते हुए “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण का संदेश भी दिया। वहीं प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी ने योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने पर जोर देते हुए कहा कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवन के लिए प्रत्येक व्यक्ति को नियमित योगाभ्यास करना चाहिए।
कलेक्टर रेना जमील ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस केवल एक दिवस का आयोजन नहीं, बल्कि योग को जीवनशैली में शामिल करने का अवसर है। वर्तमान समय में बढ़ते मानसिक तनाव और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बीच योग मानसिक शांति, आत्मसंतुलन और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि युवा राष्ट्र की शक्ति हैं और वरिष्ठजन उसकी धरोहर, इसलिए प्रत्येक आयु वर्ग के लोगों को योग से जुड़ना चाहिए।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणि पैकरा, मुरली मनोहर सोनी, भीमसेन अग्रवाल, बाबूलाल अग्रवाल, ठाकुर रजवाड़े सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, वनमंडलाधिकारी (डीएफओ), जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी एवं आमजन भी बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल हुए।
इस दौरान माध्यमिक शाला तिलाईमुड़ा, रामानुजनगर के विद्यार्थियों ने आकर्षक एवं अनुशासित योग प्रदर्शन प्रस्तुत कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। योग गुरु रामप्रताप रजवाड़े के मार्गदर्शन में सामूहिक योगाभ्यास कराया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय