Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सूरजपुर, 21 जून (हि.स.)। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय जयनगर में उत्साह, उमंग और गरिमापूर्ण वातावरण के बीच विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य, मानसिक शांति और संतुलित जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
विद्यालय परिसर में आयोजित सामूहिक योग सत्र में प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने ताड़ासन, वृक्षासन, वज्रासन, भुजंगासन, पश्चिमोत्तानासन, शवासन, भ्रामरी प्राणायाम, सूर्य नमस्कार और ध्यान का अभ्यास किया। योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योग क्रियाओं को अपनाते हुए स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
इस अवसर पर प्राचार्य ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के समन्वय का विज्ञान है। वर्तमान समय की व्यस्त जीवनशैली और बढ़ते तनाव के बीच योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है और योग इस दिशा में सबसे प्रभावी माध्यम है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को योग के महत्व, उसके स्वास्थ्य लाभों तथा मानसिक एकाग्रता बढ़ाने में उसकी भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। अभिभावकों ने भी विद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए बच्चों को नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों को प्रतिदिन योग करने तथा समाज में योग के प्रति जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई गई। शांतिपाठ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय