Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हरिद्वार, 21 जून (हि.स.)। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में कोल्ड ड्रिंक चोरी के शक में चार नाबालिग बच्चों को रस्सी से बांधकर कथित रूप से पीटने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार घटना पिरान कलियर थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव की है। वायरल वीडियो में कुछ लोग चार बच्चों को रस्सी से बांधकर मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के मुताबिक बच्चों पर कोल्ड ड्रिंक चोरी करने का आरोप लगाया गया था। हालांकि, कानून विशेषज्ञों और सामाजिक संगठनों का कहना है कि किसी भी स्थिति में कानून को अपने हाथ में लेकर नाबालिगों के साथ इस प्रकार का व्यवहार स्वीकार्य नहीं है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए जांच की गई है। उन्होंने कहा कि बच्चों के साथ मारपीट करने वाले आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला