Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मीरजापुर, 21 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में विंध्याचल थाना क्षेत्र के गैपुरा चौकी अंतर्गत जासा बघौरा गांव के सामने डीएफसी अप रेलवे लाइन पर रविवार सुबह एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक की मां रामकली और भाई टीपू मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त की।
मृतक की पहचान बरी दुबे गांव निवासी सुगीलाल उर्फ धर्मेंद्र (35) पुत्र बनवारीलाल के रूप में हुई। युवक के रेलवे ट्रैक पर पहुंचने और घटना के कारणों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। वहीं परिजन भी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके।
सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी अजीत सिंह और गैपुरा चौकी प्रभारी सुरेश दुबे ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी अजीत सिंह ने बताया कि मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की गई है। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं।पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा