Enter your Email Address to subscribe to our newsletters



वाराणसी,21 जून (हि.स.)। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर रविवार को छावनी क्षेत्र स्थित आर्मी रिक्रूटिंग ऑफिस (एआरओ)परिसर में भी सैन्य अफसरों और जवानों ने पूरे उत्साह के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया। कर्नल शैलेश कुमार के नेतृत्व में अधिकारियों, जेसीओ एवं कर्मचारियों ने योगाभ्यास के बाद योग के महत्व को आत्मसात करने का संकल्प लिया। कुशल योग प्रशिक्षक के निर्देशन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। कार्यक्रम में योग को स्वस्थ, संतुलित और तनावमुक्त जीवन का आधार बताते हुए नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया गया। अंत में सभी कार्मिकों ने योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर 11वीं एनडीआरएफ, वाराणसी के वाहिनीं मुख्यालय, चौकाघाट में उप महानिरीक्षक मनोज कुमार शर्मा के दिशा निर्देशन में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें एनडीआरएफ के अधिकारियों एवं जवानों ने बड़े ही उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य आपदा प्रबंधन जैसे चुनौतीपूर्ण कार्यों में लगे बल के बचावकर्मियों और उनके परिजनों के बीच योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ्य जीवन शैली को प्रोत्साहित करना था। इस अवसर पर काशी हिंदू विश्वविद्यालय के योग वेलनेस सेंटर से कुशल योग प्रशिक्षक ऋषभ पाण्डेय एवं यश मौर्य ने विभिन्न योगासनों एवं प्राणायामों का अभ्यास कराया।
इसके अतिरिक्त, एनडीआरएफ के बचावकर्मियों ने काशी के नमो घाट तथा सारनाथ सहित गोरखपुर, लखनऊ तथा भोपाल में भी विभिन्न संस्थाओं और निकायों के कर्मचारियों एवं विद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ मिलकर सामूहिक योगाभ्यास किया तथा उपस्थित जन सामान्य को इसे नियमित रूप से करने के लिए प्रेरित भी किया। इस अवसर पर उप महानिरीक्षक मनोज कुमार शर्मा ने काशी के लोगों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ एवं सशक्त बनाता है, बल्कि मानसिक संतुलन, एकाग्रता एवं तनाव प्रबंधन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसी क्रम में वाराणसी के नेवादा स्थित गणेशधाम समिति ने अपने आवास क्षेत्र में सभी को योग के प्रति समर्पण का संदेश देकर नागरिकों को सामूहिक योगाभ्यास कराया। योग प्रशिक्षक कविता मालवीय और प्रजापति ईश्वरीय विश्वविद्यालय के प्रशिक्षकों की देखरेख में क्षेत्रीय लोगों ने योग किया। एक वृहद परिवार के रूप में बच्चों के साथ महिलाओं में भी योग का क्रेज दिखा। योग प्रशिक्षक कविता मालवीय ने भागीरथी शाखा काशी दक्षिण भाग,गणेशधाम समिति,इंटरनेशनल हिन्दू स्कूल नगवा में सामूहिक योगाभ्यास कराया। योग दिवस पर अजगरा विधायक टी.राम के नेतृत्व में विकास खंड चोलापुर के प्राथमिक विद्यालय अजगरा परिसर में नागरिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने योगाभ्यास किया।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी