Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मीरजापुर, 21 जून (हि.स.)। लालगंज पुलिस ने रविवार को गाैवंश तस्करी से जुड़े एक संगठित गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक स्कॉर्पियो वाहन और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन एवं क्षेत्राधिकारी लालगंज के नेतृत्व में थाना लालगंज पुलिस मुकदमे की विवेचना और साक्ष्य संकलन में जुटी थी। इसी दौरान प्रकाश में आए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय बाबा उर्फ अजय कुमार चौबे निवासी तिवारी डेहरिया, थाना मोहनिया, जनपद कैमूर (बिहार) तथा राजेश कुमार चौधरी निवासी रामपुर, थाना रोहनिया, जनपद कैमूर (बिहार) के रूप में हुई है।
क्षेत्राधिकारी लालगंज अमरबहादुर के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे एक संगठित गिरोह के सदस्य हैं। गिरोह के लोग गाैवंश को वाहनों में लादकर बिहार और अन्य राज्यों में ले जाते हैं। गिरफ्तार आरोपी स्कॉर्पियो से आगे-आगे चलकर रास्ते में पुलिस चेकिंग और बैरियर की निगरानी करते थे तथा सूचना देकर गाैवंश लदे वाहनों को सुरक्षित निकलवाने में मदद करते थे।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने स्कॉर्पियो वाहन संख्या यूपी-35 एक्यू-8228 तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश पांडेय एवं थाना लालगंज की पुलिस टीम शामिल रही।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा