नीट-यूजी पुनर्परीक्षा में 141 अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित
उरई, 21 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) 2026 की पुनर्परीक्षा 2026 जनपद के पांच निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर पूर्णतः शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी माहौल में सकुशल संपन्न हो गई। जनपद में इस परीक्षा के लिए कुल 1,677 अभ
नीट परीक्षा


उरई, 21 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) 2026 की पुनर्परीक्षा 2026 जनपद के पांच निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर पूर्णतः शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी माहौल में सकुशल संपन्न हो गई। जनपद में इस परीक्षा के लिए कुल 1,677 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 1,536 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 141 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने परीक्षा शुरू होने से पूर्व कई परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं को परखा। उन्होंने सभी केंद्र व्यवस्थापकों एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी परिस्थिति में परीक्षा से समझौता न हो। उन्होंने प्रवेश द्वार पर अभ्यर्थियों की जांच प्रक्रिया, बायोमेट्रिक सत्यापन, सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली तथा जैमर आदि उपकरणों की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया। अधिकारियों द्वारा केंद्रों पर तैनात स्टाफ को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सतर्क रहने की हिदायत दी गई थी।

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि परीक्षा को नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए पहले से ही एक व्यापक कार्ययोजना बनाई गई थी। उन्होंने कहा, प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त संख्या में मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, और पुलिस बल तैनात किया गया था। पूरे परीक्षा के दौरान केंद्रों की वीडियो निगरानी के साथ-साथ उड़नदस्ते भी सक्रिय रहे। हमारी पूरी कोशिश थी कि अभ्यर्थी बिना किसी भय और बिना किसी रुकावट के परीक्षा दे सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा