Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मीरजापुर, 21 जून (हि.स.)। चुनार थाना क्षेत्र के सक्तेशगढ़ स्थित परमहंस आश्रम के पास रविवार को दो बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
सक्तेशगढ़ चौकी क्षेत्र के रामपुर सक्तेशगढ़ निवासी 30 वर्षीय रिंकू बाइक से कहीं जा रहा था। परमहंस आश्रम के पास राजगढ़-चुनार मार्ग के मोड़ पर सामने से आ रहे बिहार के कैमूर जनपद के मोहनिया थाना क्षेत्र के अकोढ़ी गांव निवासी 35 वर्षीय कृष्ण कुमार पांडेय उर्फ सनी की बाइक से उसकी आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। परिजन घायल रिंकू को अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव लेकर घर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। रिंकू तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और राजगीर मिस्त्री का काम कर परिवार का भरण-पोषण करता था।
सक्तेशगढ़ चौकी प्रभारी राजेश पांडेय ने बताया कि दो बाइकों की टक्कर में एक युवक की मौत हुई है, जबकि दूसरा घायल है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा