Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

गोरखपुर, 21 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गाेरखपुर की रामगढ़ताल पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित पर फर्जी तरीके से अस्पताल संचालित कर हेल्थ इंश्योरेंस के नाम पर धोखाधड़ी कर लाखों रुपये हड़पने का आरोप है। पुलिस इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
उपनिरीक्षक सुनील यादव और उनकी टीम ने कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त अफजल अंसारी पुत्र यूनुस अंसारी निवासी नर्रे बुजुर्ग थाना गगहा, जनपद गोरखपुर को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपित अपने गैंग के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर संगठित रूप से फर्जी अस्पताल खोलते थे और लोगों को इलाज के नाम पर भर्ती दिखाकर हेल्थ इंश्योरेंस कंपनियों से धनराशि प्राप्त कर लेते थे। जांच में सामने आया कि कई मामलों में मरीजों का वास्तविक इलाज किए बिना ही बीमा क्लेम कर रकम हड़प ली जाती थी। इस तरह यह गिरोह सुनियोजित तरीके से आम लोगों और बीमा कंपनियों को चूना लगा रहा था।
अफजल अंसारी की इन आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए थाना रामगढ़ताल में आरोपित के खिलाफ यूपी गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसमें वह वांछित चल रहा था। पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया और आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अफजल अंसारी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ पूर्व में भी धोखाधड़ी और अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें थाना रामगढ़ताल में वर्ष 2025 के दो अलग-अलग मामलों के साथ-साथ वर्ष 2026 में गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा शामिल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय