Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बिजनौर, 21 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर में डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष राजेश कुमार रवि ने रविवार को बताया कि देश में फार्मासिस्टों की नियुक्ति एवं पदोन्नति के संबंध में भारत सरकार के द्वारा जो बजट लाया गया है, वह अत्यंत सराहनीय है। यह देश के लाखों फार्मासिस्टों के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल हुई है। सरकार द्वारा फार्मेसी प्रोफेशनल कैडर स्ट्रक्चर को आधिकारिक रूप से राजपत्र (गजट) में प्रकाशित कर दिया है।
इस महत्वपूर्ण निर्णय के तहत फार्मासिस्ट संवर्ग के पदनाम और वेतन संरचना में व्यापक बदलाव करते हुए फार्मासिस्टों को अब फार्मेसी अधिकारी के रूप में नई पहचान दी गई है। यह कदम देश की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ फार्मासिस्टों के व्यावसायिक सम्मान और कैरियर विकास के लिए मिल का पत्थर साबित होगा। जिसकी मांग लंबे समय से एसोसिएशन कर रही थी। भारत सरकार द्वारा अधिसूचित नई व्यवस्था से अब फार्मेसी सेवाओं में कार्यरत कर्मचारियों को सुनियोजित कैरियर प्रगति का अवसर मिलेगा और उनकी भूमिका को स्वास्थ्य सेवाओं में अधिक प्रभावशाली ढंग से स्थापित किया जा सकेगा। यह एक प्रशासनिक आदेश नहीं बल्कि राष्ट्र को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने में फार्मासिस्टों की महत्वपूर्ण भूमिका की औपचारिक मान्यता है। नई कैडर संरचना में फार्मेसी अधिकारी से लेकर संयुक्त निदेशक (फार्मेसी) तक के पदों पर स्पष्ट पदानुक्रम निर्धारित किया गया है जिसमें पदोन्नति प्रक्रिया पारदर्शी और व्यवस्थित होगी।
उन्होंने यह भी कहा कि स्वास्थ्य विभागों में प्रशासनिक दक्षता बढ़ेगी तथा फार्मास्युटिकल सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार होगा। यह उपलब्धि प्रदेश अध्यक्ष संदीप बड़ौदा के नेतृत्व में निरंतर संघर्ष एवं एकता के बदौलत प्राप्त हुई है। जिलाध्यक्ष राजेश कुमार रवि ने सभी फार्मासिस्टों को बधाई देते हुए आवाह्न किया है कि स्वास्थ्य सेवा की गुणवत्ता सुधारने और समाज को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए इसी समर्पण के साथ हम सभी कार्य करते रहेंगें।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र