Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

औरैया, 21 जून (हि . स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में दिबियापुर थाना क्षेत्र के हर्राजपुर गांव निवासी 22 वर्षीय नीरज कुमार की आगरा में सड़क हादसे के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। नीरज बीएससी नर्सिंग का पेपर देने आगरा गया था, जहां एक अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी थी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया था।
घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया और परिजनों को सूचना दी। परिजन आगरा पहुंचकर उसका इलाज कराते रहे। हालत गंभीर होने पर दो दिन पहले नीरज को सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था, जहां रविवार को उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। सैफई पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। शव गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। बाद में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। मृतक नीरज अपने पीछे एक भाई और एक बहन छोड़ गया है। उसके पिता हरिश्चंद्र पशु विभाग में कार्यरत हैं। परिवार वर्तमान में दिबियापुर नगर के विकास कुंज में निवास करता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार